

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : आनंदपुर के नाजीराबाद आग की भयावह घटना में कई लोगों की मौत हो चुकी है जबकि अब भी कई लापता हैं। राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस ने शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा कर कार्रवाई का संकेत दिया। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की घटनाएं आश्यर्चजनक और चिंताजनक हैं। ऐसी घटनाओं पर मैं आंखें बंद नहीं कर सकता हूं। कानून लागू करने वाली एजेंसियां और वेयरहाउस का मालिक इसके लिए बराबर के जिम्मेदार हैं। आग लगने से पहले, आग लगने के दौरान और बाद में कुछ कदम उठाने चाहिए थे जो नहीं उठाये गये। इतने लोगों की जानें चली गईं। राज्यपाल के तौर पर उन्होंने एडवाइजरी जारी करने की भी बात कही। शुक्रवार की दोपहर राज्यपाल घटनास्थल पर पहुंचे तथा उन गोदामों का निरीक्षण किया जहां आग लगी थी। राज्यपाल ने कहा कि मैं दोष खोजने नहीं बल्कि तथ्यों की जानकारी जुटाने के लिए आया हूं। प्रशासन को और अधिक सतर्क रहना होगा, सच्चाई यही है कि यह संबंधित अधिकारियों की विफलता है, अन्यथा इस तरह की घटनाएं बार-बार नहीं होतीं। इतनी बड़ी घटना के बाद इस तरह से पल्ला नहीं झाड़ा जा सकता है।
नाजीराबाद जैसी भयावह घटनाओं को रोकने के लिए...
लोकभवन की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने नाजीराबाद आग जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कई अहम सुझाव दिये हैं। कहा गया है कि प्रशासन को भावनात्मक प्रतिक्रियाओं पर निर्भर रहने के बजाय दीर्घकालिक रणनीतियों को संस्थागत रूप देना चाहिए। उत्तरदायित्व शीर्ष स्तर से शुरू होता है। संयुक्त उत्तरदायित्व नीति का मार्गदर्शन करना चाहिए। प्रभावशाली मालिकों और विकासकर्ताओं को किसी भी प्रकार की छूट नहीं मिलनी चाहिए।