

सन्मार्ग संवाददाता
नयी दिल्ली/ कोलकाता : बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब कुछ दिन पहले ही भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और पार्टी के सिलीगुड़ी विधायक शंकर घोष पर पश्चिम बंगाल में भीड़ द्वारा हमला किया गया था। मंगलवार को लोकसभा सचिवालय ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से तीन दिनों के भीतर हमले को लेकर तथ्यों से जुड़ी रिपोर्ट मांगी थी। इस बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में राज्यपाल ने राज्य की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में राज्य में जो कुछ हुआ है, वह अस्वीकार्य है। क़ानून-व्यवस्था चरमरा गई है। संसद और विधायकों पर हमले हुए हैं। लोकतंत्र में ऐसा नहीं हो सकता। हमें बेहतर पुलिस व्यवस्था की जरूरत है। राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल ने नार्थ बंगाल में बाढ़ प्रभावित इलाकों को लेकर अपनी ग्राउंड रिपोर्ट भी सौंपी है। लोगों से बातचीत हुई है उसकी भी रिपोर्ट सौंपी है।
सांसद - विधायक पर हुआ था हमला : हाल में नार्थ बंगाल में आयी प्राकृतिक आपदा में अब तक 32 की मौत की खबर है। कई लोग अभी भी लापता होने की आशंका है। प्रभावित क्षेत्र में गये भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर भीड़ ने हमला कर दिया था। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। राज्यपाल सी वी आनंदा बोस और सीएम ममता बनर्जी ने सांसद को देखने अस्पताल गये। इस हमले की घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस हमले की घटना पर राज्यपाल ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि जो हुआ वह अनुचित है। दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। राज्यपाल ने भाजपा नेताओं पर हमले की आलोचना की थी और अधिकारियों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बनी रहे और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।