

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
काेलकाता : राज्य में जारी एसआईआर के मद्देनजर बांग्लादेश के सैकड़ों अवैध प्रवासियों की जारी “घर वापसी” (रिवर्स माइग्रेशन) की खबरों पर संज्ञान लेते हुए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी.आनंद बोस वहां जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने के लिए उत्तर 24 परगना जिले के स्वरूपनगर में बीएसएफ की सीमा चौकी का दौरा किया। अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे स्वरूपनगर के हकीमपाड़ा इलाके में पहुंचे। वहां उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों के साथ बातचीत की। बोस ने कोलकाता में संवाददाताओं से कहा, “राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों द्वारा अपने देश लौटने की कोशिशों की मीडिया में आई खबरों की कई व्याख्याएं की जा रही हैं। मैं जमीनी हालात का खुद जायजा लेना चाहता हूं, ताकि मैं खुद कोई राय बना सकूं।” उन्होंने कहा कि एसआईआर भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा किया जा रहा एक “अहम और महत्वपूर्ण” कार्य है। उन्होंने कहा, “अगर इसके खिलाफ कोई शिकायत है, तो मुझे विश्वास है कि निर्वाचन आयोग उन सभी का समाधान करेगा। मुझे उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा। अंत भला, तो सब भला।”
मुर्शिदाबाद के सीमावर्ती इलाकों का दौरा
राज्यपाल सोमवार की रात कृष्णानगर में रात्रि विश्राम किया। मंगलवार की सुबह ट्रेन से मुर्शिदाबाद पहुंचे। यहां सीमावर्ती इलाकों का दौरा करने का कार्यक्रम है। इसके अलावा भी उनके कई कार्यक्रमों की संभावना है। स्थानीय लोगों से बात करेंगे, जिले के अधिकारियों से मिलेंगे और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक
राज्यपाल जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए मुर्शिदाबाद रवाना हुए। एक अधिकारी ने कहा कि बोस ने सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले में हकीमपुर सीमा चौकी का दौरा किया था और स्थानीय लोगों से बातचीत कर वहां के जमीनी हालात का जायजा लिया था। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की।अधिकारी ने बताया कि नदिया जिले के कृष्णानगर में रात बिताने के बाद बोस रानाघाट से हजारद्वारी एक्सप्रेस में सवार होकर मुर्शिदाबाद के लिए रवाना हुए।