

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात: बारासात पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए एक अनोखा और संगठित तरीका अपनाता था। यह गिरोह खासकर त्योहारों के व्यस्त समय को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य पहले चोरी वाले इलाके के होटलों में कमरा किराए पर लेते थे, रेकी करते थे, चोरी करते थे और फिर बिना किसी को शक हुए होटल छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मुख्य अभियुक्त सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 27 ग्राम चुराया हुआ सोना बरामद किया है।
बारासात पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त सुब्रत चक्रवर्ती (निवासी: बशीरहाट) त्योहारों के दौरान खाली पड़े घरों को अपना निशाना बनाता था। उसका ध्यान खासकर दुर्गा पूजा, काली पूजा और जगद्धात्री पूजा जैसे व्यस्त त्योहारों पर रहता था, जब लोग यात्रा या उत्सव में व्यस्त होते थे और प्रशासन का ध्यान भी भीड़ नियंत्रण पर केंद्रित रहता था। चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए वह उसी क्षेत्र के एक होटल में कमरा बुक कर लेता था, जहाँ उस दौरान भारी भीड़ होती थी। गिरोह के सदस्य रात होटल में गुजारते थे और फिर इलाके की स्थिति को पूरी तरह भाँपकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद, वे चुपचाप होटल छोड़कर दूसरे ठिकाने पर चले जाते थे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं होता था।
होटल में ठहरते, त्योहारों पर करते थे हाथ साफ
इस गिरोह का पर्दाफाश 22 अक्टूबर को काली पूजा के दौरान बारासात के रामकृष्णपुर में एक घर में हुई चोरी की घटना की जाँच के दौरान हुआ। पुलिस ने गहन जाँच और तकनीकी विश्लेषण के बाद अभियुक्त सुब्रत चक्रवर्ती को चिह्नित किया और उसे चूंचूड़ा से गिरफ्तार कर लिया।
सुब्रत की निशानदेही पर पुलिस ने गुरुवार को उसके एक और साथी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जाँच में एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। पता चला है कि सुब्रत चोरी किए गए सोने को एक फाइनेंस कंपनी के मैनेजर राजू मजूमदार को बेचता था। राजू मजूमदार इस सोने को तुरंत खरीदकर गला देता था और फिर उसे बाजार में आगे बेच देता था, जिससे पुलिस के लिए चोरी के माल को ट्रैक करना बेहद मुश्किल हो जाता था। इस तरह, दोनों आरोपियों के माध्यम से कई बार चोरी के सोने का हाथ बदला गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और इस सोने के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। बारासात पुलिस ने इस सफल कार्रवाई के माध्यम से क्षेत्र में संगठित चोरी के रैकेट को ध्वस्त करने का दावा किया है।