

मौसम ने बढ़ाई लोगों की हैरानी
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जनवरी के अंत तक जिस ठंड को विदा लेने वाली माना जा रहा था, उसने फरवरी के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। पिछले 2 दिनों से कोलकाता में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे शहरवासियों को अचानक ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम के इस बदले मिजाज ने पिछले 5 वर्षों की जानी-पहचानी तस्वीर को फिर से ताजा कर दिया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हवा में नमी की मात्रा 35 से 83 प्रतिशत के बीच बनी रहेगी। हालांकि, अगले बुधवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है। विभाग का यह भी कहना है कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ सुबह और रात की हल्की ठंड अभी कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।
क्या 26 फरवरी बनेगा नया रिकॉर्ड?
अब सबकी निगाहें 26 फरवरी पर टिकी हैं। सवाल यही है कि क्या इस दिन सर्दी पिछले 5 साल का सिलसिला कायम रखते हुए कोई नया रिकॉर्ड बनाएगी या फिर ठंड धीरे-धीरे विदा ले लेगी। फिलहाल, फरवरी की यह वापसी लोगों के लिए चौंकाने वाली जरूर है, लेकिन कोलकाता के मौसम के लिहाज से पूरी तरह अनोखी नहीं। मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो साफ होता है कि फरवरी में ठंड पड़ना कोलकाता के लिए नया नहीं है।
फरवरी में कोलकाता की ठंड: पिछले 5 साल का आंकड़ों पर
साल - डिग्री (सेल्सियस)
2019 (1 फरवरी): 13.5
▪ 2021 (2 फरवरी): 11.5 (सबसे कम)
▪ 2022 (6 फरवरी): 13.2
▪ 2023 (4 फरवरी): 14.7
▪ 2024 (4 फरवरी): 18.4