

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। जनवरी में जहां ठंड का जोर था, वहीं फरवरी के पहले हफ्ते में तापमान बढ़ने लगा है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, ठंड का दौर लगभग समाप्त हो चुका है। दिन में ठंड का एहसास कम होगा और वीकेंड तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। रविवार तक दिन में ठंड लगभग गायब हो जाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कोलकाता में रात और सुबह ठंड का हल्का अहसास रहेगा। अगले 24 घंटों में शहर का तापमान 16 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। अलीपुर मौसम कार्यालय के अनुसार आसमान साफ रहेगा और सुबह हल्की ओस या कोहरा रह सकता है। अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा।
दक्षिण बंगाल में तापमान सामान्य से रहेगा कम
दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गुरुवार यानी आज से तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। पूरे क्षेत्र में मौसम शुष्क रहेगा और सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है ।
वीकेंड तक उत्तर बंगाल में बढ़ेगा तापमान
उत्तर बंगाल में अभी घने कोहरे की चेतावनी नहीं है, लेकिन हल्का से मध्यम कोहरा सुबह के समय रह सकता है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर जिलों में कोहरे की संभावना अधिक है। अगले चार-पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान 4–6 डिग्री, ऊपरी मैदानी क्षेत्रों में 8–12 डिग्री और निचले मैदानी इलाकों में 14–17 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वीकेंड तक तापमान में वृद्धि संभव है।