

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सक्रिय दक्षिण-पूर्व मानसून और आंध्र प्रदेश के तट को पार करने वाले गहरे डिप्रेशन के असर से पूरे राज्य में लगातार भारी बारिश हो रही है। गुरुवार को रुक-रुक कर भारी बारिश हुई और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। पूरे दिन बारिश होने के कारण ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी पड़ गई और शहर के कई इलाकों में जलजमाव भी देखने को मिला। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, ''अर्नब'' चक्रवात की आशंका टल गई है, लेकिन डिप्रेशन के कारण दक्षिण बंगाल के झाड़ग्राम और बांकुड़ा में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि कोलकाता और हावड़ा में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी शुक्रवार को दोपहर से बारिश कम होने की उम्मीद है। वहीं उत्तर बंगाल में रविवार से मौसम सुधर जाएगा जबकि समुद्र में 50-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तूफान की आशंका के चलते मछुआरों को अगले शुक्रवार तक समुद्र में नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है। लगातार हो रही बारिश से महानगर के कई निचले इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव जैसी स्थिति देखने को मिली। साल्ट लेक, सियालदह, साउथ सिटी सिंधी रोड, राजा बागान लाइन, ईएम बाईपास, बेहला, सेंट्रल एवेन्यू, दमदम स्टेशन, बीटी रोड, ठनठननिया, मुक्तारामबाबू स्ट्रीट समेत कई इलाकों में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित हुआ। पानी जमा होने से ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। जलजमाव के साथ बढ़े ट्रैफिक दबाव ने ऑफिस जाने वाले लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।