कांग्रेस ने 10 दिवसीय ‘भारत जोड़ो यात्रा 2.0’ शुरू की

कर्नाटक में विपक्ष के गढ़ में सेंध लगाने की कवायद
 कर्नाटक में कांग्रेस ने बुधवार को 10 दिवसीय ‘भारत जोड़ो यात्रा 2.0’ शुरू की
कर्नाटक में कांग्रेस ने बुधवार को 10 दिवसीय ‘भारत जोड़ो यात्रा 2.0’ शुरू की
Published on: 

शिवमोग्गा : कर्नाटक में कांग्रेस ने बुधवार को 10 दिवसीय ‘भारत जोड़ो यात्रा 2.0’ शुरू की। यह यात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली गई यात्रा की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर शुरू की गई है।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी. के. हरिप्रसाद के अनुसार, राहुल गांधी 2022 में अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत 30 सितंबर को कर्नाटक में दाखिल हुए थे। पार्टी को 2023 के विधानसभा चुनाव में जिन 84 विधानसभा क्षेत्रों में हार मिली थी, वहां ‘भारत जोड़ो यात्रा 2.0’ के आयोजन के साथ इस यात्रा की वर्षगांठ मनाने का फैसला किया। कांग्रेस ने यह अभियान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गढ़ शिकारीपुरा से शुरू किया, जो कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र का विधानसभा क्षेत्र है। विजयेंद्र से पहले उनके पिता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने शिवमोग्गा जिले के शिकारीपुरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

कांग्रेस ने तैयार की ‘‘मिशन 2028’’ की रणनीति

कर्नाटक कांग्रेस ने अपनी ‘‘मिशन 2028’’ रणनीति के तहत यह योजना तैयार की है, जिसमें 2023 के विधानसभा चुनाव में जिन 84 विधानसभा क्षेत्रों में उसे हार मिली थी, वहां 2028 के विधानसभा चुनाव में जीतने का लक्ष्य रखा गया है। कांग्रेस प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 किलोमीटर की पदयात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। पदयात्रा से पहले हरिप्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत गुंडलूपेट से कर्नाटक में दाखिल हुए थे। उन्होंने कहा, ‘उस अवसर की वर्षगांठ मनाने के लिए हमने एसुरु गांव से पूरे कर्नाटक में ‘जनता जोड़ो’ और ‘जनता जागृति यात्रा’ शुरू करने का फैसला किया है।’

शहादत स्थल से शुरू होगी जनता जागृति यात्रा

हरिप्रसाद ने एसुरु गांव के बारे में बताते हुए कहा कि 1942 में महात्मा गांधी के अंग्रेजों को ‘भारत छोड़ो’ का आह्वान करने के बाद, गांव के लोगों ने अंग्रेजों से स्वतंत्रता की घोषणा कर दी थी और कहा था कि वे किसी भी परिस्थिति में कर नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि उस संघर्ष में सबसे आगे रहने वाले करीब पांच स्वतंत्रता सेनानियों को अंग्रेजों ने 1943 में फांसी दे दी थी।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘हमने कर्नाटक में इस पवित्र स्थान से जनता जागृति यात्रा शुरू करने का फैसला किया है। भारत जोड़ो यात्रा की वर्षगांठ मनाने के लिए हम एसुरु गांव से इस जनता जोड़ो जागरूकता यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। इस दौरान शहीद हुए पांच स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और उस पवित्र स्थान को नमन किया जाएगा, जहां करीब 68 लोगों को कैद किया गया था।’ हरिप्रसाद ने कहा, ‘कांग्रेस शिकारीपुरा से 10 किलोमीटर की पदयात्रा निकालेगी और राज्य में मतदाता सूची से करीब एक करोड़ लोगों के नाम हटाए जाने के खिलाफ जनजागरूकता पैदा करेगी।’

संघ- भाजपा से लोगों को करेगी सावधान

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी संविधान के खिलाफ भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की कथित साजिश के बारे में भी जनजागरूकता पैदा करेगी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘इसका मूल उद्देश्य कर्नाटक में हम सभी के साथ खड़े रहे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के भाजपा के प्रयास के बारे में जागरूकता पैदा करना है। इसके जरिए लोकतंत्र की बुनियाद पर ही प्रहार किया जा रहा है।’

1.5 करोड़ मतदाताओं के नाम काटने का आरोप

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने भारतीय तिरंगा फहराने के बाद एसुरु से इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने लोगों से भी इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने संक्षिप्त संबोधन में कहा, ‘‘हमने इसकी शुरुआत जनता जोड़ो जागृति यात्रा के रूप में की है। इसका कारण यह है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र का अक्सर राजनीति के लिए इस्तेमाल किया गया है और कर्नाटक में करीब 1.5 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से बाहर कर दिए गए हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हमने इस यात्रा की शुरुआत की है। हम सभी को इसमें सहयोग देना चाहिए और इस यात्रा को आगे बढ़ाना चाहिए।’ कर्नाटक के मंत्री यतींद्र सिद्धरमैया और के. एस. बसवन्तप्पा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव गोपीनाथ पांडियप्पा, कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मंजुनाथ भंडारी, पूर्व लोकसभा सदस्य चंद्रप्पा और विधान परिषद सदस्य बिलकिस बानो ने हरिप्रसाद के साथ यात्रा की शुरुआत में हिस्सा लिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in