ठंडी हवाओं पर ब्रेक, फिलहाल बढ़ेगा तापमान

मैदानी इलाकों में बारिश और कोहरे का अलर्ट
ठंडी हवाओं पर ब्रेक, फिलहाल बढ़ेगा तापमान
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) और ओडिशा तट पर बन रहे रिवर्स साइक्लोन के कारण आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।

दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में पहली बर्फबारी की उम्मीद

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले शनिवार तक दार्जिलिंग के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में इस मौसम की पहली बर्फबारी हो सकती है। संदकफू, घूम, धोत्रे, मानेभंजन और चटोकपुर जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक सकते हैं। इससे पर्यटन गतिविधियों में भी बढ़ोतरी की संभावना है।

उत्तर बंगाल में बारिश का पूर्वानुमान

गुरुवार से शनिवार तक उत्तर बंगाल के चार जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पहाड़ी रास्तों पर फिसलन बढ़ सकती है, इसलिए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

तापमान में अस्थायी बढ़ोतरी

पश्चिमी विक्षोभ के कारण फिलहाल उत्तर की ठंडी हवाओं का प्रवाह बाधित हुआ है। इसके चलते शुक्रवार और शनिवार को पूरे राज्य में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

  • कोलकाता: न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना।

  • पश्चिमी जिले: तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

हालांकि, अगले तीन दिनों तक उत्तर बंगाल में तापमान लगभग स्थिर रहेगा।

अगले हफ्ते फिर बढ़ेगी ठंड

सर्दी पसंद करने वालों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले हफ्ते के मध्य यानी बुधवार और गुरुवार तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर फिर से बढ़ेगा।

घने कोहरे की चेतावनी

ओडिशा तट पर बन रहे रिवर्स साइक्लोन के कारण भारी मात्रा में नमी राज्य में प्रवेश कर रही है। इसके चलते दोनों बंगाल में कोहरे की तीव्रता बढ़ने की आशंका है।

  • दक्षिण बंगाल: कोलकाता, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुरा, पूर्व व पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में घना कोहरा छाया रह सकता है।

  • उत्तर बंगाल: दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर जिलों में शुक्रवार से रविवार तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in