

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर समेत दक्षिण बंगाल में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। साथ ही, कोहरे के कारण कई जिलों में विजिबिलिटी 999 से घटकर 200 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था, जबकि शुक्रवार को यह बढ़कर 17 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है। शहर में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सप्ताहांत तक तापमान में गिरावट संभव है। रविवार को पारा 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
4 जिलों में बना रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार पुरुलिया, बांकुरा, पूर्व व पश्चिम बर्दवान में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। विजिबिलिटी कम होने से सड़क और ट्रेन यातायात पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने सुबह ड्राइविंग के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। कुछ जगहों पर तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभावना है। अगले पांच दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
उत्तर बंगाल में भी कोहरे की चेतावनी
उत्तर बंगाल में मौसम सूखा रहेगा, लेकिन जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। दार्जिलिंग का तापमान 5 डिग्री और मालदा में 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। वीकेंड में पहाड़ी इलाकों में भी कोहरा बढ़ने की संभावना है।