

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर और राज्य के कई जिलों में ठंड का असर लगातार महसूस किया जा रहा है। मंगलवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार दार्जिलिंग के पहाड़ी क्षेत्रों में पारा 4.8 डिग्री तक गिर गया, जबकि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने हवा में ठंड के बढ़ने के संकेत दिए हैं। नवंबर के अंत में बंगाल की खाड़ी में लगातार बनने वाले कम दबाव वाले क्षेत्रों के कारण तापमान बढ़ा था लेकिन अब राज्य में उत्तर से चल रही ठंडी हवाओं ने ठंड का प्रभाव बढ़ा दिया है। समुद्र में किसी नये लो प्रेशर या साइक्लोन की संभावना नहीं है। फिलहाल, तापमान में और गिरावट की संभावना नहीं है।
उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रहेगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में कोहरा छाया रहेगा। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरदुआर में सुबह के समय कोहरा रहेगा। साथ ही कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी 999 से 200 मीटर तक गिर सकती है। तटीय जिलों में भी कोहरे की संभावना है। राज्य के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात का तापमान सामान्य से नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार हफ्ते के अंत तक पारा में और थोड़ी गिरावट दर्ज हो सकती है।
एक नजर में मैदानी और उत्तरी जिलों का न्यूनतम तापमान
जिला डिग्री (सेल्सियस)
कल्याणी 11.5
बर्दवान 11.8
श्रीनिकेतन 11.6
बांकुड़ा 12.5
जलपाईगुड़ी 12.1
अलीपुरदुआर 11
कलिम्पोंग 10