

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ठंड ने वापसी के संकेत दे दिए हैं। जनवरी के मध्य से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही थी, जिसके चलते लोगों ने गर्म कपड़े भी समेटने शुरू कर दिए थे, लेकिन अब मौसम विभाग की नई चेतावनी के अनुसार ठंड पूरी तरह विदा होने से पहले एक बार फिर अपना असर दिखाएगी। खासकर वीकेंड से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
हवा की दिशा बदलेगी, ठंड बढ़ेगी
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार जैसे-जैसे पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होगा, उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी। इसी कारण तापमान में गिरावट आएगी। हवा के रुख में बदलाव की प्रक्रिया गुरुवार से ही शुरू हो गई है। गुरुवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कोलकाता में 14 डिग्री तक जा सकता है तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कोलकाता का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं, पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिलों जैसे बांकुरा, बीरभूम और पश्चिम बर्दवान में पारा और नीचे जाकर 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
शाम और रात में महसूस होगी ठंड
हालांकि ठंड का असर मुख्य रूप से शाम और रात के समय ज्यादा महसूस किया जाएगा। दिन चढ़ने के साथ-साथ धूप निकलने पर तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। यह स्थिति अगले चार से पांच दिनों तक बनी रह सकती है। हालांकि राज्य में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। बीते 24 घंटों में किसी भी जिले में वर्षा दर्ज नहीं की गई। सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। गुरुवार सुबह उत्तर बंगाल के कुछ इलाकों में घना कोहरा देखा गया, और आने वाले दिनों में वहां भी तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।