जगदल से युवक का शव बरामद, पीट-पीटकर हत्या की आशंका !

The body of a young man has been recovered from Jagdal; death suspected to be due to beating.
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

​जगदल : जगदल थाना अंतर्गत जगदल, 18 नंबर गली से एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया । मृतक की पहचान गारुलिया निवासी मोहम्मद इस्तेहाक के रूप में हुई है। शव की स्थिति को देखकर प्राथमिक रूप से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई है।

घटना का विवरण और शरीर पर चोट के निशान

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार को दोपहर के समय मोहम्मद इस्तेहाक गारुलिया से जगद्दल आया था। शाम ढलते ही 18 नंबर गली में उसका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। जब स्थानीय लोगों ने शव को देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर चोट के अनगिनत निशान पाए गए हैं, जो इस बात की ओर साफ इशारा करते हैं कि उसे किसी भारी वस्तु या लाठी-डंडों से तब तक पीटा गया जब तक कि उसकी जान नहीं निकल गई।

गारुलिया निवासी युवक क्यों आया था यहां, पता लगाने में जुटी पुलिस

इस हत्याकांड ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि गारुलिया का रहने वाला इस्तेहाक आखिर दोपहर में जगदल क्यों आया था? क्या उसे किसी ने फोन करके बुलाया था या वह किसी रंजिश का शिकार हुआ? पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह जगदल में किससे मिलने आया था। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार और स्थानीय पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेतृत्व का दावा है कि जगदल अब अपराध का पर्याय बन चुका है। विपक्षी दलों का आरोप है कि इलाके में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

जगद्दल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in