निधि, सन्मार्ग संवाददाता,
खड़दह: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने समाज की संवेदनशीलता और सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खड़दह थाना क्षेत्र के अंतर्गत पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 3, हरिश्चंद्र दत्त रोड स्थित एक पॉश समझे जाने वाले अपार्टमेंट के फ्लैट से दो सगी बहनों के सड़े-गले शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान सबिता दत्त चटर्जी (61) और कनिका दत्त (57) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में जो तथ्य सामने आ रहे हैं, वे रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं—आशंका जताई जा रही है कि दोनों बहनों की मौत भूख और घोर कंगाली के कारण हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों बहनें पिछले काफी समय से इस फ्लैट में अकेली रह रही थीं। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि कई दिनों से उन्हें घर से बाहर निकलते या किसी से बात करते नहीं देखा गया था। संदेह तब गहराया जब शाम ढलने के बाद भी उनके फ्लैट की खिड़कियों से रोशनी नहीं दिखी और घर के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। सोमवार की देर रात, जब घर से दुर्गंध आने की शिकायत हुई, तो पड़ोसियों ने तुरंत खड़दह थाने की पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। दोनों बहनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े थे। घर में अनाज का एक दाना तक मौजूद नहीं था, जो उनकी बदहाली की गवाही दे रहा था।
पड़ोसियों का कहना है कि यह परिवार कभी सम्मानित परिवारों में गिना जाता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई थी। आय का कोई भी निश्चित जरिया न होने के कारण उनके पास खाने-पीने तक के पैसे नहीं बचे थे। लोक-लाज के भय या संकोच के कारण उन्होंने शायद किसी से मदद भी नहीं मांगी। धीरे-धीरे वे पूरी तरह से सामाजिक रूप से कट गईं और खुद को फ्लैट के भीतर कैद कर लिया।
खड़दह थाने की पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हालांकि प्राथमिक तौर पर यह 'भुखमरी से हुई मौत' का मामला लग रहा है, लेकिन वे किसी अन्य पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक कारण तो नहीं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "शवों की हालत देखकर लग रहा है कि मौत कुछ दिन पहले ही हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि उनकी मृत्यु भूख से हुई है या उन्होंने जहर खाकर जान दी है।"