सरस्वती पूजा पर घर से निकले दो दोस्तों के शव पेड़ से लटके मिले

हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस
The bodies of two friends who left home on the occasion of Saraswati Puja were found hanging from a tree.
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : पश्चिम बंगाल के स्वरूपनगर अंतर्गत गोविंदपुर ग्राम पंचायत इलाके में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मंजर देखने को मिला। यहाँ के एक स्थानीय आम के बगीचे में दो युवकों के शव एक ही पेड़ से लटके हुए पाए गए। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय राकिবুল मंडल और 22 वर्षीय राज भद्र के रूप में हुई है। राकिबुल गोविंदपुर का निवासी था और ग्यारहवीं कक्षा का छात्र था, जबकि राज दत्तपाड़ा इलाके का रहने वाला था। दोनों गहरे दोस्त थे और अक्सर साथ ही देखे जाते थे।

मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो पाया रहा था परिजनों का

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर दोनों दोस्त दोपहर के समय घर से घूमने के लिए निकले थे। शाम ढलने और रात गहराने के बाद भी जब दोनों घर नहीं लौटे, तो उनके परिवारों की चिंता बढ़ने लगी। मोबाइल फोन पर संपर्क न हो पाने के कारण परिजनों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह जब गाँव के कुछ लोग आम के बगीचे की तरफ गए, तो उन्होंने दोनों के शवों को फंदे से लटका देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

परिजनों के आरोप और पुलिस की जांच

शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है, लेकिन मौत के पीछे की वजह अभी भी पूरी तरह साफ नहीं है। मृतकों के परिजनों का दावा है कि घर में किसी भी तरह का कोई झगड़ा या तनाव नहीं था। राकिबुल के चाचा ने बताया कि वह सुबह खुशी-खुशी घर से निकला था और उनके बीच सब कुछ ठीक था। राज के पिता भी इस घटना से पूरी तरह टूट चुके हैं। परिजनों ने अंदेशा जताया है कि कहीं यह सोची-समझी हत्या तो नहीं है, जिसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शवों को पेड़ से लटका दिया गया हो।

स्वरूपनगर थाने की पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। पुलिस अब युवकों के कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और उनके अन्य दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि शुक्रवार रात उनकी किसी से कोई अनबन तो नहीं हुई थी। इलाके में इस घटना के बाद से खौफ और शोक का माहौल बना हुआ है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in