निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : नदिया जिले का तहपुर इलाका एक बार फिर रक्तरंजित हो उठा है। कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए वीरनगर लाइब्रेरी पाड़ा स्थित एक बंद घर से एक अकेली रहने वाली वृद्धा का क्षत-विक्षत और लहूलुहान शव बरामद किया गया है। मृतका की पहचान दीपाली मजूमदार (61) के रूप में हुई है। दो मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल पर हुए इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राणाघाट पुलिस मुर्दाघर में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मृतका के पति लक्ष्मण मजूमदार का कुछ साल पहले निधन हो गया था। उनका एकमात्र पुत्र सौजन्य मजूमदार उत्तर बंगाल के धुपगुड़ी में एक शिक्षक के रूप में कार्यरत है। सुबह जब पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने दीपाली देवी के घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लटका देखा, तो उन्हें संदेह हुआ। पहले उनकी तलाश बाजार, मंदिर और आसपास के इलाकों में की गई, लेकिन जब घर की चाबी पास की ही एक जगह पर रखी मिली, तो लोगों का शक गहरा गया। सूचना मिलते ही तहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दरवाजा तोड़कर भीतर दाखिल हुई, जहाँ बिस्तर पर वृद्धा का खून से लथपथ शव पड़ा था।
घटनास्थल का मंजर दिल दहला देने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का दावा है कि वृद्धा के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार के गहरे निशान थे। जिस कमरे से शव मिला, वह पूरी तरह अस्त-व्यस्त था और अलमारी टूटी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि दीपाली देवी के हाथों की सोने की चूड़ियां, अंगूठी और अन्य कीमती गहने गायब हैं। प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है कि यह केवल हत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित डकैती के बाद की गई हत्या है। अपराधियों ने पहचान छिपाने और मामले को देर से उजागर करने के उद्देश्य से हत्या के बाद बाहर से ताला लगा दिया था।
जनबहुल इलाके में हुई इस वारदात के बाद तहपुर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना हो रही है। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में तहपुर में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूजा के समय एक निर्वस्त्र वृद्धा का शव मिला था, उसके बाद दिसंबर में रेलपाड़ा इलाके में एक और वृद्धा की हत्या हुई और अब जनवरी में इस तीसरी वारदात ने पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र की पोल खोल दी है। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि अकेले रहने वाले बुजुर्ग अपराधियों के आसान निशाने पर हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।