बंगाल चुनाव में भाजपा 50 का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाएगी: तृणमूल

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने पत्रकारों से कहा कि शाह की टिप्पणियां खोखले दावों पर आधारित हैं।
बंगाल चुनाव में भाजपा 50 का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाएगी: तृणमूल
Published on: 

कोलकाताः तृणमूल कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए उन पर झूठ फैलाने और 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के निराधार दावे करने का मंगलवार को आरोप लगाया।

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने पत्रकारों से कहा कि शाह की टिप्पणियां खोखले दावों पर आधारित हैं। बसु ने दावा किया कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 50 सीट का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकेगी।

बसु ने एक कार्यक्रम से इतर कहा, ‘‘शाह एक पर्यटक की तरह आते-जाते रहेंगे। ऐसे दौरों से कोई लाभ नहीं होगा।’’ बसु ने दावा किया, ‘‘भाजपा विधानसभा चुनाव में 50 का आंकड़ा भी नहीं पार करेगी और उसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ेगा।’’

अमित शाह ने घुसपैठिये पर क्या कहा

शाह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा 2026 में ‘‘दो-तिहाई बहुमत’’ के साथ राज्य में अगली सरकार बनाएगी। शाह ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार चुनावी लाभ के लिए बांग्लादेशियों की घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने साथ ही कहा कि भाजपा के राज्य में सत्ता में आने पर अवैध प्रवासियों को बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम न केवल घुसपैठियों की पहचान करेंगे, बल्कि उन्हें खदेड़ भी देंगे।’’

मंदिर-मस्जिद की राजनीति

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार ने भी शाह के इस दावे को खारिज किया कि भाजपा मंदिर आधारित ध्रुवीकरण की राजनीति नहीं करती। मजूमदार ने कहा, ‘‘सब जानते हैं कि भाजपा ने 2019 और 2024 दोनों चुनावों में मंदिर-मस्जिद की राजनीति कर प्रचार किया। इस तरह की राजनीति को बंगाल के लोग फिर खारिज करेंगे।’’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in