भाजपा ने खरगे की टिप्पणी पर कहा: कांग्रेस ‘माफिया गैंग'' जैसी प्रतीत होती है
नई दिल्ली :
नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक ‘व्यक्तिगत’ टिप्पणियों को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जिस प्रकार की ‘अमर्यादित और असंसदीय’ भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी पार्टी के ‘वैचारिक दिवालियेपन’ को दर्शाता है और अब यह पार्टी ‘माफिया गैंग’ जैसी लगती है।बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति की टिप्पणी ‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’ के जवाब में ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ कहकर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे विवादों में घिर गए। खरगे के इस बयान पर कि कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों को जेल भेजेगी, कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति चिल्लाया, ‘जब तक विद्रोह नहीं होगा, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।’ कांग्रेस अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ खरगे की इस टिप्पणी पर भाजपा ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर कहा, ‘कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं... इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि खरगे ने ‘पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।’ शाह ने कहा, ‘‘यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया।’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा एवं निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है।’

