

कोलकाता : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के मीडिया विभाग, आईटी विभाग, कन्वेनर, को कन्वेनर, सोशल मीडिया विभाग, प्रवक्ता के पदों पर नियुक्तियां की हैं। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने छह अक्टूबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव और आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले अपने मीडिया प्रकोष्ठ में फेरबदल किया है, जिसके तहत पार्टी के पूर्व राज्य महासचिव सायंतन बोस और पार्टी नेता प्रणय रॉय ने प्रवक्ताओं के तौर पर वापसी की है। यह संगठनात्मक बदलाव नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद राज्य के पहले दौरे से ठीक पहले किया गया है। अधिवक्ता देबजीत सरकार को राज्य इकाई का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है, जबकि अनुपम घोष को मीडिया विभाग का संयोजक बनाया गया है। नियमित रूप से मीडिया में दिखाई देने वाले बोस और रॉय की वापसी को पार्टी में अनुभवी नेताओं को वापस सबसे आगे लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा फिलहाल नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों और उसके बाद नगर निगम चुनावों की तैयारी में जुटी है। विज्ञप्ति में रितेश तिवारी, सायंतन बोस, केया घोष, प्रणय रॉय, डॉ. तन्मय मुखोपाध्याय, सप्तर्षि चौधरी, ओफेलिया सिंह, अंकन दत्ता, मेघा सेन रॉय, डॉ. निखिल प्रसून सिंह, शमिक दासगुप्ता, सुदीप्त गुहा और सेवानिवृत्त मेजर ऋत्विक पाल के नाम शामिल हैं। सप्तर्षि चौधरी पार्टी के प्रकाशनों की भी देखरेख करेंगे। यह फेरबदल केवल प्रवक्ताओं तक सीमित नहीं है।पार्थ सारथी चौधरी और चंद्रशेखर बासुतिया को मीडिया विभाग का सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। जॉय मलिक आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख होंगे और उपमन्यु भट्टाचार्य सोशल मीडिया विभाग की देखरेख करेंगे। नवीन की 15 सितंबर से शुरू होने वाली दो दिवसीय पश्चिम बंगाल यात्रा से पहले ये बदलाव महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।