निर्वाचन आयोग को ‘वोट चोरी करने’ का हथियार बना रही है भाजपा: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने सवाल पूछे कि सीसीटीवी फुटेज 45 दिन में नष्ट करने की इतनी जल्दबाजी क्यों?’’
निर्वाचन आयोग को ‘वोट चोरी करने’ का हथियार बना रही है भाजपा: राहुल
Published on: 

नई दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निर्वाचन आयोग को ‘‘वोट चोरी करने’’ का हथियार बना रही है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारत की जनता ये तीन बहुत जरूरी और सीधे सवाल पूछ रही है। प्रधान न्यायाधीश को निर्वाचन आयोग से संबंधित चयन समिति से क्यों हटाया? 2024 चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग को लगभग पूरी कानूनी सुरक्षा क्यों दी? सीसीटीवी फुटेज 45 दिन में नष्ट करने की इतनी जल्दबाजी क्यों?’’

उन्होंने आरोप लगाया कि जवाब एक ही है कि निर्वाचन आयोग को वोट चोरी करने का औजार बनाया जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी ‘वोट चोरी’ के कृत्य को अंजाम देकर ‘आइडिया ऑफ इंडिया’ (भारत की अवधारणा) नष्ट कर रही है।

चुनाव आयोग पर उठाया सवाल

राहुल गांधी ने लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान 2023 के निर्वाचन कानून का उल्लेख करते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस कानून में ‘‘पूर्वव्यापी प्रभाव’’ से संशोधन किया जाएगा तथा चुनाव आयुक्तों को कठघरे में लिया जाएगा। उनका यह भी कहना था कि 2023 के इस कानून को बदलने की जरूरत है क्योंकि यह निर्वाचन आयुक्तों को ‘‘यह ताकत देता है कि वे जो चाहें करें’’। उन्होंने कहा था कि इसकी चयन समिति से प्रधान न्यायाधीश को बाहर रखा गया है। ‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा-शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023’ के तहत तीन सदस्यीय चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और एक कैबिनेट मंत्री शामिल होते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News