बेलघरिया फ्लाईओवर का स्वास्थ्य बिगड़ा, मरम्मत जरूरी

सोदपुर के बाद अब यहां काम शुरू होने से बढ़ेंगी मुश्किलें
The Belgharia flyover is in poor condition and requires repairs.
बेलघरिया ब्रिज की मरम्मत कार्य से पहले जायजा लेने पहुंचे विभिन्न विभागों के अधिकारी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बेलघरिया: सोदपुर फ्लाईओवर पर चल रहे काम के कारण लोग पहले ही यातायात की समस्या से जूझ रहे हैं और अब बेलघरिया फ्लाईओवर भी मरम्मत कार्य के लिए बंद होने जा रहा है। यह फ्लाईओवर बीटी रोड को कल्याणी एक्सप्रेसवे और जेशोर रोड से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण लिंक है, जहां से प्रतिदिन भारी संख्या में मालवाहक ट्रक, बसें और निजी वाहन गुजरते हैं। हाल ही में हुए स्वास्थ्य परीक्षण में बेलघरिया फ्लाईओवर की हालत बेहद चिंताजनक पाई गई है। रेलवे लाइन के ऊपर स्थित कुल 12 गार्डर (एक तरफ 5 और दूसरी तरफ 7) काफी जर्जर हो चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारी यातायात का दबाव किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसी खतरे को देखते हुए मंगलवार को एक उच्च स्तरीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल ने ब्रिज का दौरा किया। इस टीम में कमरहट्टी नगर पालिका के चेयरमैन गोपाल साहा, उत्तर दमदम नगर पालिका के प्रतिनिधि, PWD, KMDA, रेलवे और CESC के इंजीनियरों के साथ-साथ पुलिस और ट्रैफिक विभाग के आला अधिकारी शामिल थे।

The Belgharia flyover is in poor condition and requires repairs.
ब्रिज के नीचे की स्थिति को देखते अधिकारी

26 दिसंबर को होगी निर्णायक बैठक

निरीक्षण के बाद चेयरमैन गोपाल साहा ने बताया कि आगामी 26 दिसंबर को कमरहट्टी नगर पालिका के बोर्ड रूम में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मरम्मत की अंतिम रूपरेखा तैयार की जाएगी, जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर काम शुरू होने की तारीख घोषित होगी। अनुमान है कि मरम्मत कार्य पूरा होने में कम से कम तीन महीने का समय लगेगा। मरम्मत की अवधि के दौरान ही माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाएं आयोजित होनी हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग और स्कूलों से समन्वय किया जाएगा। कोशिश यह रहेगी कि परीक्षा केंद्र परीक्षार्थियों के रिहायशी क्षेत्र के पास ही रखे जाएं ताकि उन्हें ब्रिज पार करने की जरूरत न पड़े।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in