युवा शक्ति के दम पर बनेगी नयी ‘आजाद हिंद पार्टी’

चंद्र कुमार बोस बन सकते हैं पार्टी के 'मेंटर'
AI Generated Image
AI Generated Image
Published on

कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नई राजनीतिक पार्टी ‘आजाद हिंद पार्टी’ के गठन की तैयारी चल रही है। पार्टी में जेन-जी यानी युवा पीढ़ी को मुख्य भूमिका में रखा जाएगा। नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस पार्टी के मेंटर की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

प्रस्तावित पार्टी की औपचारिक शुरुआत 21 अक्टूबर से करने की तैयारी है। इसी दिन 1943 में नेताजी ने सिंगापुर में पहली ‘आजाद हिंद सरकार’ के गठन की घोषणा की थी। नई पार्टी की शुरुआत नेताजी की जन्मस्थली कटक से करने की योजना है।

चंद्र कुमार बोस ने हाल ही में तृणमूल कांग्रेस से अपना नाता तोड़ा है। इससे पहले वह करीब सात वर्षों तक भाजपा में रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा और तृणमूल कांग्रेस, दोनों के साथ रहते हुए उन्हें नेताजी के विचारों के अनुरूप राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का अवसर नहीं मिला। इसी वजह से अब उन्होंने नई राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला किया है।

चंद्र बोस के अनुसार, पार्टी के साथ नेताजी के प्रशंसकों और उनके जीवन व विचारों पर शोध करने वाले लोगों का एक समूह भी जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि नई पार्टी केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नेताजी के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण की सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी।

जेन-जी को पार्टी की मुख्य ताकत बनाने के सवाल पर चंद्र बोस ने कहा कि युवा पीढ़ी में मौजूदा व्यवस्था और राजनीतिक दलों को चुनौती देने की क्षमता है। दिल्ली के हालिया आंदोलनों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आज के युवा बदलाव की मांग को प्रभावी ढंग से सामने रख रहे हैं।

उनका मानना है कि नेताजी के विचारों पर आधारित नई राजनीतिक पहल में जेन-जी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बताया कि पार्टी के गठन के साथ चुनाव आयोग में पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा पार्टी के लिए चुनाव चिह्न तय करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in