माहौल बदल गया, बंगाल में निवेश कीजिए : सीएम शुभेंदु

उद्योगों से जुड़ी 33 बड़ी कंपनियों को जमीन के दस्तावेज सौंपे गये, दुर्गापूजा के पहले नई औद्योगिक नीति की घोषणा
कोलकाता के मिलन मेला प्रांगण में आयोजित भूमि वितरण संबंधित दस्तावेज देने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता के मिलन मेला प्रांगण में आयोजित भूमि वितरण संबंधित दस्तावेज देने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में उद्योग के लिए बंगाल में एक नई शुरुआत हुई है। राज्य की नई बीजेपी सरकार ने उद्योग जगत को लैंड आवंटन संबंधित किसी भी झंझट से दूर रखते हुए सीधे तौर पर जमीन मुहैया कराने की शुरुआत कर दी। उद्योग जगत के दिग्गजों के लिए यह बहुत बड़ी राहत है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने उद्योगपतियों से बंगाल आने और निवेश करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 9 मई के बाद राज्य में माहौल बेहतर हुआ है। राज्य में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है और सड़क, रेल तथा बंदरगाहों के माध्यम से पड़ोसी देशों से बेहतर संपर्क की सुविधा है। राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग और पूरी सुरक्षा देगी। सीएम ने उद्योगपतियों से कहा कि अगर उन्हें किसी तरह की परेशानी होती है, तो वे सीधे राज्य सरकार से संपर्क करें और टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। बुधवार को मिलन मेला प्रांगण में उद्योगपतियों और बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में राज्य सरकार की तरफ से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। 33 उद्योगों से जुड़ी बड़ी कंपनियों को जमीन उपलब्ध कराने संबंधित आवश्यक दस्तावेज सीएम शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में सौंपे गए। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री तापस राय, मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, सीएम के मुख्य सलाहकार डॉ. सुब्रत गुप्ता, मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा, दीपांकर जाना, उद्योग विभाग की प्रिंसिपल सेक्रेटरी वंदना यादव, लैंड विभाग के सचिव सुरेंद्र गुप्ता सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देना और उद्योगों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

नई औद्योगिक भूमि नीति की अहम बातें

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार आगामी दुर्गा पूजा से पहले नई औद्योगिक भूमि नीति पेश करेगी। प्रस्तावित नीति में भूमि पूलिंग, प्रत्यक्ष भूमि खरीद और निवेश को सुगम बनाने के लिए सिंगल-विंडो व्यवस्था का प्रावधान होगा। करीब 580 एकड़ भूमि 33 औद्योगिक परियोजनाओं को सौंपने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि नई नीति का मसौदा तैयार हो चुका है। इसका उद्देश्य उद्योगों के लिए भूमि अधिग्रहण और विकास की प्रक्रिया को सरल बनाना है। राज्य सरकार कई प्रमुख कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है।

बंगाल में 4-5 क्षेत्रों में निवेश करेगा अंबानी ग्रुप

सीएम ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बंगाल में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश का भरोसा दिया है। अंबानी से मुंबई में उनकी मुलाकात हुई थी और रिलायंस समूह चार-पांच क्षेत्रों में निवेश करेगा। कंपनी की एक टीम अगले सप्ताह पश्चिम बंगाल का दौरा करेगी।

महीने में दो बार उद्योगपतियों से मिलेंगे सीएम

उद्योगपतियों और सरकार के बीच संवाद को और मजबूत करने के लिए अब नियमित बैठकों का फैसला किया गया है। सीएम महीने में दो बार उद्योगपतियों के साथ सीधे बैठक करेंगे। निवेश से जुड़ी समस्याओं, जमीन, बुनियादी ढांचे और औद्योगिक कंपनियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा कर उनके जल्द समाधान की कोशिश की जाएगी।

परियोजनाओं का समय पर होगा क्रियान्वयन

राज्य सरकार अब सिर्फ जमीन आवंटित करने या निवेश आकर्षित करने तक सीमित नहीं रहेगी। परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन, उत्पादन शुरू होना और रोजगार का सृजन इन तीनों क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लैंड संबंधित दस्तावेज सौंपने के साथ ही इस पर कार्य शुरू करने के लिए भी राज्य सरकार ने समय सीमा तय कर दी है। यह समय सीमा दिसंबर 2029 तक रखी गई है। उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए सीएम ने कहा कि राज्य को ‘भत्ते पर निर्भरता’ से बाहर निकलना होगा। पूर्ववर्ती सरकारों ने बंगाल को बहुत पीछे कर दिया और भत्ते पर निर्भरता बढ़ा दी थी। भाजपा सरकार ऐसा नहीं करेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in