देहरादून में आतंकी साजिश नाकाम, पाक हैंडलर्स से जुड़ा युवक गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत STF की कार्रवाई, ISBT और पुलिस मुख्यालय की रेकी करने का आरोप
देहरादून में आतंकी साजिश नाकाम, पाक हैंडलर्स से जुड़ा युवक गिरफ्तार
Published on

उत्तराखंड के देहरादून में पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए एक 29 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। प्रेमनगर इलाके के झाझरा निवासी विक्रांत कश्यप को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 9 और 10 अप्रैल की रात संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया। उसके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और स्प्रे पेंट बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, विक्रांत कश्यप पिछले दो साल से पंजाब के नाभा में रहकर ट्रक बॉडी फैब्रिकेशन का काम कर रहा था। जांच में सामने आया है कि वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित आतंकियों और आईएसआई एजेंटों के संपर्क में था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर नजर रखी जा रही थी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को देहरादून के महत्वपूर्ण स्थानों जैसे आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय और अन्य सरकारी इमारतों की वीडियो और तस्वीरें पाकिस्तान भेजने का काम सौंपा गया था। उसे पैसे और नेपाल के रास्ते दुबई में बसाने का लालच दिया गया था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का फैन था और उनकी हत्या का बदला लेने की भावना में सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया। बाद में उसे बम धमाके कर अहम ठिकानों को उड़ाने की साजिश में शामिल करने की योजना बनाई गई थी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in