हावड़ा के मंगलाहाट में फुटपाथ खाली कराने पर हंगामा !

भीड़ को हटाने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों ने भांजीं लाठी
Tension in Howrah: Police Evict Manglahat Hawkers with Lathi-Charge !
प्रदर्शनकारियों को हटाया गया REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा में सरकारी निर्देशानुसार सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान शुरू हो गया है। सोमवार की सुबह हावड़ा मैदान और बंकिम सेतु के नीचे उस समय भारी तनाव फैल गया, जब प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन कर दुकान लगाने पहुंचे अस्थायी व्यापारियों को पुलिस और केंद्रीय बलों ने लाठी भांजकर खदेड़ दिया।

एक दिन का हाट बढ़कर हुआ तीन दिन, जनता परेशान

नियमों के मुताबिक, प्रसिद्ध मंगलाहाट केवल सप्ताह में एक दिन यानी मंगलवार को ही लगना चाहि लेकिन पिछले कुछ वर्षों से राजनीतिक प्रभाव के चलते इसका दायरा बढ़कर रविवार रात से मंगलवार तक यानी तीन दिनों का हो गया था। रविवार की देर रात से ही व्यापारी सड़कों पर कब्जा जमा लेते थे। जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, हावड़ा जिला अस्पताल, चर्च रोड और हावड़ा गर्ल्स कॉलेज जैसे संवेदनशील इलाकों के आसपास तीन दिन हाट लगने के कारण स्थानीय जनता को रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता था।

भड़का व्यापारियों का गुस्सा, प्रशासन सख्त

प्रशासन ने पिछले हफ्ते ही लाउडस्पीकर के जरिए घोषणा कर दी थी कि अब से फुटपाथ और सड़कों पर हाट लगाने की अनुमति नहीं होगी। रविवार को भी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुकानदारों को बैठने नहीं दिया। इसके बावजूद, सोमवार की सुबह सैकड़ों व्यापारी फिर से क्रांतिकारी हरेन घोष सरणी और बंकिम सेतु के पास जमा हो गए और विरोध-प्रदर्शन करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख तैनात भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने व्यापारियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। व्यापारियों की मांग है कि उन्हें सप्ताह में कम से कम एक दिन दुकान लगाने की अनुमति दी जाए। दूसरी ओर, हावड़ा सिटी पुलिस का कहना है कि हॉकरों को उनके लिए निर्धारित की गई विशिष्ट जगहों पर ही बैठना होगा। आम जनता की सुविधा के लिए फुटपाथों और सड़कों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in