निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर 24 परगना के देगंगा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। शुक्रवार को बेड़ाचाँपा 1 पंचायत के पश्चिम चांगदाना इलाके में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) की एक चुनावी रैली के दौरान जबरदस्त तनाव फैल गया। आरोप है कि जब ISF उम्मीदवार मफीदुल हक साहजी का जुलूस 155 नंबर बूथ क्षेत्र से गुजर रहा था, तब रैली में शामिल कुछ समर्थकों ने सड़क किनारे खड़ी महिलाओं के प्रति कथित तौर पर अश्लील इशारे और भद्दी टिप्पणियां कीं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जब महिलाओं और ग्रामीणों ने इस दुर्व्यवहार का विरोध किया, तो स्थिति हिंसक हो गई। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। इस दौरान इलाके में "जय बांग्ला" और "ISF जिंदाबाद" के नारों से माहौल और भी उत्तेजित हो गया। आक्रोशित महिलाओं ने आरोपियों को जूते दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
ISF की रैली में महिलाओं से अभद्रता का आरोप
इस धक्का-मुक्की और झड़प में चार महिलाओं समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत विश्वनाथपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित महिलाओं ने देगंगा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी ओर ISF नेतृत्व ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी का दावा है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) राजनीतिक लाभ लेने के लिए महिलाओं को आगे कर सुनियोजित तरीके से झूठे आरोप लगा रही है। चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने इलाके में भारी तनाव पैदा कर दिया है और पुलिस प्रशासन शांति बनाए रखने के लिए स्थिति पर पैनी नजर रख रहा है।