

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : वर्तमान जल संकट को ध्यान में रखते हुए तथा सभी निवासियों को समान रूप से जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री विजयपुरम नगर परिषद ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए तत्काल प्रभाव से जल राशनिंग उपाय लागू करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय अंडमान चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों सहित प्रमुख हितधारकों के साथ आयोजित बैठक में वर्तमान जल उपलब्धता और खपत के पैटर्न की समीक्षा के बाद लिया गया। निर्णय के अनुसार 24 फरवरी 2026 से होटल, रेस्टोरेंट तथा अन्य वाणिज्यिक भवनों सहित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जलापूर्ति नियंत्रित राशनिंग प्रणाली के माध्यम से विनियमित की जाएगी। इन उपायों का उद्देश्य उपलब्ध जल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना तथा आवश्यक घरेलू जलापूर्ति की सुरक्षा करना है। उपरोक्त उपाय अस्थायी प्रकृति के हैं और जल उपलब्धता की स्थिति में सुधार होने तक प्रभावी रहेंगे। सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अनुरोध किया गया है कि वे व्यापक जनहित में पूर्ण सहयोग प्रदान करें और उचित जल संरक्षण उपाय अपनाएं। नगर परिषद ने सभी हितधारकों से अपील की है कि वे वर्तमान जल संकट के दौरान जिम्मेदारीपूर्वक आचरण करें और इन प्रयासों का समर्थन करें।