तेजस्वी होंगे महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार

मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री का चेहरा घोषित, पिछड़ों और दलितों पर फोकस
mgb press conference
महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस में (बायें से) दीपांकर भट्टाचार्य, तेजस्वी और अशोक गहलोत
Published on

महागठबंधन में नेता को लेकर सस्पेंस खत्म

राजग को नेता का नाम घोषित करने की चुनौती दी

तेजस्वी ने फिर लगायी वादों की झड़ी

पटना : महागठबंधन ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया। महागठबंधन ने राज्य के जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए साथ ही कहा कि यदि उसकी सरकार बनी तो विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री बनाया जायेगा।

tejaswi with mukesh sahani
तेजस्वी मुकेश सहनी के साथ : पुरानी दोस्ती

अन्य वर्गों से भी उपमुख्यमंत्री बनाये जायेंगे!

राजधानी पटना के होटल मौर्या में आयोजित महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं की 50 मिनट चली साझा प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव के नाम की घोषणा की। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद के लिए मुकेश सहनी के नाम की घोषणा करने के साथ यह भी कहा कि सहनी के अलावा समाज के अन्य वर्गों से भी उपमुख्यमंत्री बनाये जायेंगे हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि महागठबंधन की सरकार बनने पर उसमें कितने उपमुख्यमंत्री होंगे।समर्थकों के बीच ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से मशहूर सहनी निषाद जाति से आते हैं। निषाद बिहार में अति पिछड़े वर्ग की श्रेणी में आते हैं।

राजग का CM फेस कौन? : गहलोत

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को यह स्पष्ट करने चुनौती दी कि मुख्यमंत्री पद के लिए उसका चेहरा कौन है? उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में कहा गया कि एकनाथ शिंदे के चेहरे पर चुनाव लड़ा जायेगा और बाद में किसी और को मुख्यमंत्री बना दिया, यही बात यहां (बिहार) लागू हो रही है।

तेजस्वी ने नीतीश और राजग पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किये जाने के बाद तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के घटक दलों का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 20 साल के शासन और 11 साल की मोदी सरकार के बावजूद बिहार देश का सबसे गरीब राज्य बना हुआ है। न उद्योग हैं, न रोजगार। बिना घूस के कोई काम नहीं होता। अफसर मंत्री से ज्यादा ताकतवर हो गए हैं और जनता की आवाज दबा दी गयी है। उन्होंने राजग पर हमला बोलते हुए कहा कि इनके पास न कोई ‘विजन’ है, न ‘ब्लूप्रिंट’। ये लोग हमारी योजनाओं की नकल करते हैं। हमने पेंशन 1500 रुपये करने की बात कही, तो नीतीश कुमार ने 1100 रुपये देने की घोषणा कर दी। उन्होंने अपने इस वादे को दोहराया कि राज्य के जिन परिवारों में सरकारी नौकरी नहीं है, उनमें एक व्यक्ति को नौकरी दी जायेगी। साथ ही जीविका कम्युनिटी मोबलाइजर को 30,000 रुपये और जीविका ‘दीदी’ को 2,500 रुपये प्रतिमाह दिये जायेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए 7 दलों के 14 नेता

महागठबंधन के प्रेस कांफ्रेंस में राजद की ओर से तेजस्वी यादव के साथ अब्दुल बारी सिद्दीकी, मनोज झा और संजय यादव उपस्थित थे। कांग्रेस की ओर से अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, पार्टी के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, पवन खेड़ा और अभय दुबे मौजूद रहे। भाकपा (माले) लिबरेशन से दीपंकर भट्टाचार्य, माकपा से ललन चौधरी, भाकपा से रामनरेश पांडे, VIP से मुकेश सहनी और ऑल इंडिया पान महासभा से आई. पी. गुप्ता भी मंच पर मौजूद थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in