ओडिशा में ओडिशा में इंसानियत हुई शर्मसार, किशोरी को किया आग के हवाले

तीन बदमाशों ने किशोरी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, , 70% तक झुलसी
teenager_bnurmt_in_odissa
सांकेतिक छवि
Published on

पुरी : ओडिशा में सामूहिक बलात्कार की शिकार छात्रा द्वारा आत्मदाह किये जाने की घटना की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि पुरी जिले के बलंगा थाना इलाके में शनिवार सुबह इंसानियत को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात में 15 साल की एक किशोरी को तीन अज्ञात युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया।

शनिवार सुबह करीब 9 बजे बयाबार गांव में उस वक्त हुई वारदात

पुलिस के अनुसार यह वारदात शनिवार सुबह करीब 9 बजे बयाबार गांव में उस वक्त हुई, जब लड़की अपनी सहेली के घर जा रही थी। बाइक सवार तीन अज्ञात युवक लड़की को जबरन उठाकर भार्गवी नदी के किनारे ले गये। वहां उन्होंने उसके शरीर पर ‘पेट्रोल’ उड़ेल दिया। देखते ही देखते लड़की का पूरा शरीर आग की लपटों में घिर गया। वह जलन और दर्द से चीखने लगी। तीनों बदमाश वहां से फरार हो गये। लड़की की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग उसके पास पहुंचे और किसी तरह आग बुझायी। इसके बाद उसको तुरंत पिपिली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में एम्स भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया।

अब तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया

एम्स के डॉक्टरों के अनुसार, पीड़िता करीब 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी है लेकिन होश में है। पीड़िता की पीठ, पेट और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर जलने के निशान हैं। वह परिजनों से बातचीत कर रही है और उसने पुलिस के सामने अपना बयान भी दर्ज कराया है। पुरी के पुलिस अधीक्षक पिनाक मिश्रा ने जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। अब तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है लेकिन कुछ संदिग्धों से पूछताछ चल रही है।

पुरानी रंजिश या मानसिक विकृति, अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस की प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या मानसिक विकृति का परिणाम है। ओडिशा सरकार की ओर से महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा ने बयान जारी कर कहा है कि सरकार पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सज़ा दी जायेगी।

प्रशासन की नाकामी : पटनायक

ओडिशा की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि ऐसे मामले शासन की व्यवस्थागत विफलता को इंगित करते हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि महिलाओं के खिलाफ ऐसी अकल्पनीय घटनाएं अब पूरे ओडिशा में लगभग रोजाना हो रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना एफएम कॉलेज की एक छात्रा द्वारा आत्मदाह करने की घटना के एक सप्ताह के भीतर हुई है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in