तारातला गोदाम हादसा: राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख

निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से कई लोगों की मौत, राहत और बचाव अभियान जारी
तारातला गोदाम हादसा: राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
Published on

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "कोलकाता में एक गोदाम की छत गिरने से लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को कोलकाता के तारातला इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन गोदाम का ढांचा अचानक ढह गया था। हादसे में कई मजदूर मलबे में दब गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पांच मजदूरों की मौत हुई है, जबकि कम से कम 25 लोग घायल हुए हैं।

हादसे के 18 घंटे से अधिक समय बाद भी राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। भारतीय सेना, NDRF, SDRF, दमकल विभाग और कोलकाता पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

आधुनिक तकनीक से हो रही तलाश

बचाव अभियान को तेज करने के लिए भारतीय सेना ने अत्याधुनिक ‘रेस्क्यू रडार’ तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया है। इस मशीन की मदद से मलबे के अंदर फंसे लोगों की स्थिति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

बारिश और मलबे की जटिल स्थिति के बावजूद बचावकर्मी लगातार अभियान चला रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि मलबे में फंसे हर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in