

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सरस्वती पूजा के बाद से जिस ठंड के विदा होने की चर्चा चल रही थी, उसने फरवरी में एक बार फिर वापसी कर ली है। जनवरी के आखिरी दिनों में भी ठंड का असर खास महसूस नहीं हुआ था, जिससे लोगों को लगा था कि इस साल ठंड जल्दी ही खत्म हो जाएगी, लेकिन मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और शहरवासियों को ठंड का नया एहसास कराया।
तापमान में गिरावट, कोहरे का असर
मंगलवार सुबह महानगर में न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। कोहरे के कारण रेल सेवाएं प्रभावित हुईं और कई ट्रेनें अपने तय समय से देर से चलीं। दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में सुबह से ही कोहरे का असर देखा गया।
दक्षिण बंगाल में ठंड का माहौल
कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के जिलों में तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का मिजाज लौट आया है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तटीय जिलों में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा और धूप निकलने पर हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है।
कैसा रहेगा उत्तर बंगाल का हाल
उत्तर बंगाल में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। दार्जिलिंग के पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि ऊपरी जिलों में तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बना रहेगा, जबकि दिन में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।