शुभेंदु ने बांग्लादेशी मुस्लिम प्रवासियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने का निर्देश दिया

शुभेंदु ने बांग्लादेशी मुस्लिम प्रवासियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने का निर्देश दिया
Published on: 

कूचबिहार : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बांग्लादेश से अवैध रूप से कूचबिहार जिले में आए मुस्लिम प्रवासियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने का पुलिस को बुधवार को निर्देश दिया। वहीं, उन्होंने पड़ोसी देश से भागकर आए हिंदुओं को शरणार्थी बताया, जो आश्रय पाने के हकदार हैं। रास मेले के अवसर पर कूचबिहार के दौरे के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक मनीष जोशी से कहा कि बांग्लादेश से आए अवैध मुस्लिम प्रवासियों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है और उन्हें उन्हीं रास्तों से वापस भेजा जाना चाहिए, जिनके जरिये वे भारत में दाखिल हुए थे। उन्होंने कहा, ‘‘बांग्लादेश से आए अवैध मुस्लिम घुसपैठियों की इस जिले में एक-एक कर पहचान कर उनका पता लगाया जाना चाहिए। उन्हें उन्हीं रास्तों से वापस भेजा जाना चाहिए, जिनके जरिये वे यहां दाखिल हुए थे। उन्हें बाहर निकाला जाना चाहिए।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश से आने वाले हिंदुओं को घुसपैठिया नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि वे धार्मिक उत्पीड़न से बचने और अपनी जान बचाने के लिए सीमा पार कर आए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सीमा पार से आए हिंदू घुसपैठिये नहीं हैं, बल्कि शरणार्थी हैं। वे अपने धर्म की रक्षा करने और अपनी जान बचाने के लिए यहां आए हैं। उन्हें शरण दी जानी चाहिए।’’ शुभेंदु अधिकारी के पास गृह विभाग की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए आपसी तालमेल से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सीमा पर बुनियादी ढांचे के विकास और बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जरूरी जमीन उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि बाड़ लगाने का काम पूरा होने के बाद सभी तरह की तस्करी पर रोक लगाई जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने पुलिस को सीमावर्ती इलाकों में अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ गांजे की खेती, नकली मुद्रा के प्रचलन और मादक पदार्थों की तस्करी पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया। अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के खिलाफ हिंसा बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला पुलिस बल ‘दुर्गा वाहिनी’ के सदस्यों को सम्मानित किया और उनकी मैदानी मौजूदगी बढ़ाने के लिए कर्मियों को 30 स्कूटर सौंपे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News