निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया युग शुरू हो गया। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस ऐतिहासिक दिन को और भी यादगार बना दिया बंगाल की मशहूर मिठाइयों ने। आज ब्रिगेड में राजनीतिक नारों के साथ-साथ 'मोदीश्री' रसगुल्ले और 'शंखपद्म' संदेश की मिठास हर तरफ घुली नजर आई।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ब्रिगेड ग्राउंड में के.सी. दास, बांछाराम और व्याताई जैसे नामचीन मिठाई विक्रेताओं के स्टॉल सजे थे। सबसे अधिक भीड़ 'मोदीश्री' रसगुल्ले के स्टॉल पर देखी गई। के.सी. दास के मालिक धीमान चंद्र दास के अनुसार, केसर और जाफरान के स्वाद वाला यह खास रसगुल्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पसंद रहा है। आज शपथ ग्रहण के उत्सव में हजारों लोगों ने इस खास मिठाई से अपना मुंह मीठा किया। स्टॉल पर मिठाइयों की शुरुआती कीमत 20 रुपये रखी गई थी, जिससे आम जनता ने भी भरपूर आनंद लिया।
आज 25 बैशाख, रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर बंगाली संस्कृति और अस्मिता का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरी ब्रिगेड को कमल (पद्म) के फूलों से सजाया गया था। हालांकि, भारी मांग के कारण बाजार में कमल के फूलों की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया, जो 20 से 30 रुपये प्रति पीस तक बिका। कार्यक्रम के अंत तक सभी स्टॉल पर मिठाइयों का भारी स्टॉक खत्म हो गया। समर्थकों का कहना था कि यह जीत और यह मिठास बंगाल के नए भविष्य की शुरुआत है।