

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सुरेंद्रनाथ लॉ कॉलेज में कम अटेंडेंस के कारण छात्रों को परीक्षा से रोकने के विवाद के बाद मामला गरमाता जा रहा है। पिछले हफ्ते छात्रों के उग्र प्रदर्शन के दौरान वाइस प्रिंसिपल मोहम्मदी तरन्नुम को करीब 23 घंटे तक घेरे में रहना पड़ा था, जिसके बाद फॉर्म भरने की प्रक्रिया टाल दी गई थी। इसी सिलसिले में मंगलवार को कॉलेज के छात्रों ने कलकत्ता यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर आशुतोष घोष से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और उनसे इस गंभीर मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की जोरदार मांग की। थर्ड ईयर की छात्रा नीलांजना भट्टाचार्य ने बताया कि 28 सितंबर से परीक्षाएं शुरू होनी हैं, लेकिन अब तक फॉर्म नहीं भरे गए हैं और आखिरी तारीख को लेकर भी असमंजस बना हुआ है।
कॉलेज प्रशासन पर परीक्षा फॉर्म की तिथि टालने का आरोप
यूनिवर्सिटी के वीसी को सौंपे गए ज्ञापन में छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन को खुद यह नहीं पता कि परीक्षा फॉर्म कब भरे जाएंगे, जिससे भारी तनाव और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। यदि छात्र समय पर फॉर्म नहीं भर पाते हैं, तो इसके लिए पूरी तरह कॉलेज अधिकारी जिम्मेदार होंगे। छात्रों ने अपील की है कि वीसी इस मामले पर तत्काल विचार कर कॉलेज को फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया और तारीखें जल्द घोषित करने का निर्देश दें। इस बीच, मंगलवार को वाइस प्रिंसिपल कॉलेज पहुंचीं और कक्षाएं लीं, लेकिन इस पूरे संकट के बीच वाइस-प्रिंसिपल से फोन पर बार-बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद उनका कोई जवाब नहीं मिला, जिससे छात्रों की चिंताएं और अधिक बढ़ गई हैं।