IIEST शिवपुर के नए हॉस्टल का उद्घाटन

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने संस्थान की प्रगति को सराहा
Sukanta Majumdar Inaugurates Dr Syama Prasad Mookerjee Hall At IIEST Shibpur
IIEST शिवपुर के नए हॉस्टल का उद्घाटन करते केंंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजुमदार
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : भारतीय अभियांत्रिकी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (IIEST), शिवपुर में 1,160 छात्रों की क्षमता वाले अत्याधुनिक छात्रावास 'डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हॉल' का भव्य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने संस्थान के निरंतर विकास, परिसर के विस्तार और तकनीकी शिक्षा में इसके ऐतिहासिक योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

10 मंजिला अत्याधुनिक परिसर और पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था

समारोह में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, IIEST की गवर्निंग बॉडी की अध्यक्ष श्रीमती तेजस्विनी अनंतकुमार और निदेशक प्रो. वी. एम. एस. आर. मूर्ति ने नवनिर्मित G+10 आवासीय भवन का लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि ऐसे आधुनिक और हरित पहलों (सौर ऊर्जा और अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण) से युक्त हॉस्टल छात्रों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेंगे और परिसर में रहने की गुणवत्ता में सुधार लाएंगे।

170 वर्षों की गौरवशाली सेवा पर विशेष डाक लिफाफा जारी

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति में भारतीय डाक विभाग के पोस्टमास्टर जनरल ऋजू गांगुली ने IIEST शिवपुर के 170 वर्षों के गौरवशाली इतिहास और तकनीकी शिक्षा में योगदान के सम्मान में एक 'विशेष कवर' और 'विशेष रद्दीकरण टिकट' जारी किया। सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह संस्थान देश के विकास और नवाचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in