प्रेमी के कई लड़कियों से हैं संबंध, जानकर युवती ने लगा ली फांसी !

Suicide in Kalyani: Girl Ends Life Over Boyfriend's Multiple Affairs, Tension Erupts.
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कल्याणी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ प्रेम संबंधों में कड़वाहट और धोखे के कारण एक 20 वर्षीय युवती ने मौत को गले लगा लिया। घटना कल्याणी नगर पालिका के वार्ड नंबर 1 स्थित जोगेंद्रनाथ कॉलोनी की है। मृतका की पहचान सुप्रिया सरकार के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच और परिजनों के बयानों से यह स्पष्ट हो रहा है कि सुप्रिया अपने प्रेमी की बेवफाई और उसके अन्य लड़कियों के प्रति झुकाव से गहरे मानसिक तनाव में थी, जिसके चलते उसने गुरुवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, सुप्रिया पिछले काफी समय से सौम्यजीत दास नामक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी, जो कल्याणी हाउसिंग कॉलोनी का निवासी है। आरोप है कि सौम्यजीत एक साथ कई लड़कियों के साथ संबंधों में लिप्त था, जिसे लेकर सुप्रिया अक्सर उसे टोकती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि उन्होंने उसे कई बार इस रिश्ते से बाहर आने की सलाह दी थी, लेकिन वह भावनात्मक रूप से सौम्यजीत से इस कदर जुड़ी थी कि खुद को अलग नहीं कर पाई। बुधवार रात वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन गुरुवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा। अंदर सुप्रिया का शव फंदे से लटकता मिला।

कल्याणी में तनाव के बाद पुलिस और केंद्रीय बल तैनात

जैसे ही सुप्रिया की मौत की खबर इलाके में फैली, स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। उत्तेजित भीड़ ने आरोपी सौम्यजीत के घर पर धावा बोल दिया और उसके माता-पिता के साथ मारपीट की। स्थिति को बिगड़ता देख कल्याणी थाने की पुलिस और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए 'कॉलेज ऑफ मेडिसिन एंड जेएनएम अस्पताल' भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आत्महत्या के पीछे प्रेमी का कितना दबाव था।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in