अचानक बदला मौसम, झमाझम बारिश से मिली राहत

दिन में छाया अंधेरा, कई जिलों में अलर्ट जारी
अचानक बदला मौसम, झमाझम बारिश से मिली राहत
Published on

50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद बुधवार को कोलकाता और आसपास के इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिली। दोपहर होते-होते आसमान घने काले बादलों से पूरी तरह ढक गया और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया। काले बादलों की चादर इतनी घनी थी कि दोपहर के समय ही अंधेरा महसूस होने लगा। कई इलाकों में वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ी। तेज हवा और बारिश के कारण सामान्य जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।

कई जिलों में तूफान का अलर्ट जारी

अलीपुर मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर 24 परगना और हुगली सहित कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में रविवार तक आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम और दोनों मेदिनीपुर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। बारिश और बादलों की वजह से अगले 2 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in