सीएम से मिलेंगे शुभ्रांशु, पत्नी के चीन सीमा तक पहुंचने की जताई उम्मीद

Subhranshu Roy Hopes Missing Wife Reached China Border After Nepal Disaster
पत्रकारों के समक्ष अपनी बात रखते पूर्व विधायक शुभ्रांशु राय
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : नेपाल में बाढ़ और हिमनद झील के फटने से हुई भीषण तबाही के बाद बीजपुर के पूर्व विधायक शुभ्रांशु राय की पत्नी शर्मिष्ठा भौमिक का 20 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। शर्मिष्ठा कैलाश-मानसरोवर यात्रा के लिए एक टूर एजेंसी के साथ नेपाल गई थीं। घर पर उनके दो बच्चे हैं। शुभ्रांशु राय का कहना है कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि उनकी पत्नी सुरक्षित हैं। उनके मुताबिक, एक चीनी संस्था से मिले संकेत के आधार पर संभावना है कि शर्मिष्ठा और उनके साथ गए अन्य पर्यटक आपदा से पहले चीन सीमा की ओर पहुंच गए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी इसी उम्मीद को साझा किया है।

नेपाल आपदा के बाद 20 दिन से लापता हैं शर्मिष्ठा सहित कई लोग

शुभ्रांशु ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेपाल में लापता पश्चिम बंगाल के लोगों के परिवारों के सदस्यों की चिंता दूर करने के लिए सरकार को ठोस जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि संबंधित पोर्टल पर लौटे और लापता पर्यटकों के नाम तथा तस्वीरें प्रकाशित की जाएं, ताकि परिवारों को स्पष्ट जानकारी मिल सके। शुभ्रांशु ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को नवान्न में लापता पर्यटकों के परिवारों को बातचीत के लिए बुलाया है। शुभ्रांशु अपनी बेटी के साथ वहां जाएंगे। उन्होंने कहा कि मामला दो देशों के बीच समन्वय से जुड़ा है और सरकार ही चीन सीमा तक पहुंचने वाले पर्यटकों के बारे में आधिकारिक जानकारी हासिल कर सकती है। पत्नी की वापसी को लेकर उनकी उम्मीद अब भी कायम है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in