सुभाशीष बोस को ‘वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी' चुना गया

मोहन बागान सुपर जायंट्स के कप्तान हैं सुभाशीष बोस
सुभाशीष बोस को ‘वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी' चुना गया
Published on

भुवनेश्वर : भारतीय डिफेंडर और मोहन बागान सुपर जायंट्स के कप्तान सुभाशीष बोस को एक यादगार सत्र के बाद शुक्रवार को देश का ‘वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी’ चुना गया जबकि ईस्ट बंगाल एफसी की स्ट्राइकर सौम्या गुगुलोथ ने महिला वर्ग में यह सम्मान प्राप्त किया।

बोस के नेतृत्व में मोहन बागान सुपर जायंट्स ने एक ही सत्र में ‘लीग विनर्स शील्ड’ और ‘आईएसएल कप’ दोनों जीतकर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में ऐतिहासिक दो खिताब जीते। पिछले महीने फाइनल में बेंगलुरू एफसी पर उसने 2-1 से जीत हासिल की। इससे मोहन बागान आईएसएल इतिहास में 2020-21 में मुंबई सिटी एफसी के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली केवल दूसरी टीम बन गई।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा आयोजित पुरस्कार समारोह के दौरान जमशेदपुर एफसी के कोच खालिद जमील को लगातार दूसरी बार वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष कोच चुना गया। सुजाता कर को भारतीय महिला लीग में श्रीभूमि एफसी को तीसरे स्थान पर पहुंचाने के लिए वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला कोच का पुरस्कार दिया गया। मिडफील्ड के मास्टरमाइंड ब्रिसन फर्नांडस को वर्ष का सबसे उदीयमान पुरुष खिलाड़ी चुना गया जबकि 18 वर्षीय डिफेंडर थोईबिसना चानू ने वर्ष की सर्वश्रेष्ठ होनहार महिला खिलाड़ी का पुरस्कार जीता।

विशाल कैथ ने वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर का पुरस्कार जीता जबकि पंथोई चानू ने आईडब्ल्यूएल में शानदार प्रदर्शन के लिए महिला वर्ग में यह सम्मान प्राप्त किया। वेंकटेश आर को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष रेफरी चुना गया जबकि टेकचम रंजीता देवी को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला रेफरी का सम्मान मिला। वैरामुथु पी को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष सहायक रेफरी जबकि रिओहलांग धर को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला सहायक रेफरी चुना गया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in