निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : नदिया जिले के कृष्णगंज इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कॉलेज छात्रा ने अपने प्रेमी को वीडियो कॉल पर लाइव रहते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रिया दास के रूप में हुई है, जो कल्याणी आईटीआई कॉलेज की छात्रा थी। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और शोक का माहौल है।
वीडियो कॉल पर मौत का तांडव
परिजनों का आरोप है कि प्रिया ने जब सुसाइड किया, तब उसका मोबाइल बिस्तर पर पड़ा था और वह अपने प्रेमी के साथ वीडियो कॉल पर थी। प्रिया के भाई प्रेम दास ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा, "दीदी के फांसी लगाने से लेकर उनकी मौत होने तक प्रेमी वीडियो कॉल पर जुड़ा रहा और सब कुछ लाइव देखता रहा।" परिजनों के अनुसार, प्रेमी कृष्णगंज का ही निवासी है और फिलहाल काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ है।
ब्लैकमेलिंग का आरोप
मृतका के पिता राजू दास और भाई का आरोप है कि उक्त युवक प्रिया को किसी तस्वीर के जरिए लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर प्रिया ने यह आत्मघाती कदम उठाया। रविवार सुबह जब प्रिया ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहाँ उसका शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए शक्तिनगर जिला अस्पताल भेज दिया है। पीड़ित परिवार ने आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सजा की मांग की है।