

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हायर सेकेंडरी के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं का चौथा दिन सोमवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इस दिन फिजिक्स, न्यूट्रिशन, एजुकेशन और अकाउंटेंसी की परीक्षाएं हुईं। इससे पहले शुरुआती 2 दिनों में मुर्शिदाबाद, नदिया और हावड़ा जिलों के केंद्रों पर मोबाइल फोन के साथ पकड़े गए 4 छात्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इस बड़ी चूक के बाद काउंसिल तुरंत हरकत में आई और मेटल डिटेक्टर के जरिए सुरक्षा जांच को बेहद सख्त कर दिया गया। कड़े नियमों के कारण उसके बाद से कोई भी परीक्षार्थी फोन के साथ अंदर नहीं घुस पाया। इस साल राज्य भर के 2,105 स्थानों और 825 मुख्य केंद्रों पर कुल 7,18,620 छात्र परीक्षा दे रहे हैं, जिनमें 3,15,731 लड़के और 4,02,889 लड़कियां शामिल हैं। नकल रोकने के लिए हर कमरे में प्रत्येक 20 छात्रों पर दो इनविजिलेटर तैनात किए गए हैं।
अगली परीक्षा के लिए केंद्र तैयार
सोमवार को आयोजित परीक्षाओं के दौरान छात्रों को कैलकुलेटर ले जाने की अनुमति नहीं थी, इसलिए किसी भी परीक्षार्थी ने इसे लेकर केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं किया। हालांकि, फिजिक्स का पेपर समाप्त होने के बाद छात्रों और शिक्षकों की ओर से यह गंभीर शिकायतें सामने आईं कि प्रश्नपत्र में कुछ ऐसे सवाल शामिल थे जिन्हें बिना कैलकुलेटर के हल करना बेहद कठिन था। इन छोटी-सी बाधाओं को छोड़कर काउंसिल ने चौथे दिन की पूरी परीक्षा प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संपन्न होने का दावा किया है। सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करते हुए अब परीक्षा का अगला दौर 29 सितंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सभी केंद्रों पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।