

कूचबिहार : पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने महिलाओं से मारपीट, बदसलूकी या उनका उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी और कहा कि पुलिस को ऐसे अपराधियों से सख्ती से निपटना चाहिए। शुभेंदु अधिकारी ने कूचबिहार जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के उस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिसमें एक नाबालिग को कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया था। यहां एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक के बाद सीएम ने कहा, "मैंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई किसी महिला पर उंगली उठाएगा, तो हमें वह उंगली तोड़नी होगी। पुलिस को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करनी होगी।" सीएम ने कहा, "हमने साहेबगंज थाने के मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की है, जिसमें एक नाबालिग को प्रताड़ित किया गया था।" यह भी बताया कि प्रशासनिक समीक्षा बैठक में जिले के कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेलवे से जुड़े मामले, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के लिए जमीन और दुर्गा पूजा त्योहार से पहले सड़कों की मरम्मत शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, "अपनी मातृभूमि को सुरक्षित रखने के लिए हमें अपनी सीमाओं को सुरक्षित करना होगा। हम बीएसएफ को 210 एकड़ जमीन दे रहे हैं। हमने इसमें सभी क्षेत्रों को शामिल कर लिया है।" उन्होंने कहा कि प्रस्तावित हवाई अड्डे और केंद्र सरकार के साथ समझौते पर भी चर्चा हुई। सीएम ने कहा, "नए हवाई अड्डे को लेकर केंद्र के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर करने का मुद्दा भी बैठक में शामिल था।" सीएम ने कहा कि वह जिले के एक बड़े शीतकालीन उत्सव 'रास पूर्णिमा' के दौरान फिर से कूचबिहार आएंगे।