

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों से एकजुटता मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि 17 अप्रैल 2026 को परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों के खिलाफ जिस मजबूती से विपक्ष एकजुट हुआ था, उसी भावना को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक को संबोधित करते हुए खरगे ने दावा किया कि देश कई राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इन मुद्दों पर एकजुट होकर सरकार का मुकाबला करना होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संविधान पर लगातार हमला हो रहा है, जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है और गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
खरगे ने महंगाई, बेरोजगारी, निवेश में कमी, एमएसएमई क्षेत्र की चुनौतियों और परीक्षा प्रणाली में कथित अव्यवस्थाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि युवाओं की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ हो रहा है और समाज के कमजोर वर्गों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत की विदेश नीति अपने पारंपरिक मूल्यों से भटक गई है। बैठक में विपक्षी दलों ने आगामी चुनावों और भाजपा के खिलाफ साझा रणनीति पर चर्चा की।