Strait of Hormuz : पर अमेरिकी दावे से मचा भ्रम

तेल टैंकर एस्कॉर्ट की पोस्ट हटाई, व्हाइट हाउस ने बताया दावा गलत
Strait of Hormuz : पर अमेरिकी दावे से मचा भ्रम
Published on

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने वैश्विक तेल बाजार में भ्रम और हलचल पैदा कर दी। राइट ने एक्स (X) पर दावा किया था कि अमेरिकी नौसेना ने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक तेल टैंकर को सुरक्षित एस्कॉर्ट किया, ताकि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बनी रहे। हालांकि यह पोस्ट कुछ ही मिनटों में हटा दी गई।

पोस्ट के बाद तेल बाजार में तेज गिरावट देखी गई। निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ने से तेल की कीमतें अचानक नीचे आ गईं। स्थिति स्पष्ट करने के लिए व्हाइट हाउस को सामने आना पड़ा।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लीविट ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि अमेरिकी नौसेना ने अभी तक किसी भी तेल टैंकर को हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से एस्कॉर्ट नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह विकल्प भविष्य में हो सकता है, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई मिशन नहीं चल रहा है।

इस बीच ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी अमेरिकी दावे को खारिज करते हुए कहा कि कोई भी अमेरिकी नौसेना जहाज़ हॉर्मुज़ के करीब आने की हिम्मत नहीं कर पाया है।

ऊर्जा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि राइट के आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक वीडियो क्लिप इसलिए हटाई गई क्योंकि उसे विभाग के कर्मचारियों ने गलत कैप्शन के साथ पोस्ट कर दिया था।

हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है, जहां से करीब 20 प्रतिशत वैश्विक तेल और बड़ी मात्रा में एलएनजी की आपूर्ति गुजरती है।

यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑर्गनाइजेशन, अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन और ईरानी अधिकारियों के अनुसार, 1 से 10 मार्च के बीच इस क्षेत्र में कम से कम 10 तेल टैंकरों पर हमले या संदिग्ध गतिविधियां दर्ज की गई हैं।

इस घटनाक्रम ने पहले से ही संवेदनशील वैश्विक तेल बाजार में और अस्थिरता बढ़ा दी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in