

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बाद होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। डील के बाद इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने वाला पहला जहाज अपनी यात्रा पर निकल चुका है।
‘दिशा’ नाम का यह LNG टैंकर कतर के रास लाफान बंदरगाह से अमेरिका की ओर जा रहा है। यह जहाज 2 मार्च से अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण रास लाफान में फंसा हुआ था। अब मरीन ट्रैफिक के अनुसार, इसने अपनी यात्रा फिर से शुरू कर दी है।
हालांकि ‘दिशा’ माल्टा फ्लैग वाला जहाज है, लेकिन उसके AIS (ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम) डेटा में इसे भारत से जुड़ा जहाज दिखाया गया है।
होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम समुद्री मार्ग है। यहां से दुनिया के बड़े हिस्से में कच्चे तेल और LNG की सप्लाई होती है। लंबे समय तक तनाव और सैन्य गतिविधियों के कारण इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही प्रभावित रही थी।
अमेरिका और ईरान के बीच हुई शांति डील के बाद अब समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।