

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : चाकदह में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर करीब 3 लाख रुपये मूल्य के 18 टैब बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने सुब्रत राय और कुमारेश हाउलादार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद टैब में 17 बिल्कुल नए और सीलबंद पैक में थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 23 सितंबर को सूचना मिलने के बाद चाकदह के केबीएम इलाके में सुब्रत राय के ससुराल में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान वहां से 10 नए टैब बरामद हुए। इसके बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिनों की पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जांच अधिकारियों ने आगे अभियान चलाया और आठ अन्य टैब बरामद किए। इस तरह कुल 18 टैब पुलिस के हाथ लगे
ससुर के घर से मिले 10 टैब, पूछताछ के बाद 8 और बरामद
बरामद उपकरण अलग-अलग नामी ब्रांड के बताए जा रहे हैं। रानाघाट पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक आशीष मौर्य ने बताया कि 18 में से 17 टैब नए और सीलबंद पैक में थे। प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि टैब किसी ई-कॉमर्स कंपनी की खेप की डिलीवरी के दौरान या गोदाम से चोरी किए गए हो सकते हैं। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि टैब कहां से आए और आरोपियों तक कैसे पहुंचे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामले में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।