बजट के दिन की भारी गिरावट से उबरा शेयर बाजार

आम बजट के दिन भारी गिरावट का सामना करने वाले घरेलू शेयर बाजारों ने सोमवार को जोरदार वापसी की।
बजट के दिन की भारी गिरावट से उबरा शेयर बाजार
Published on

मुंबईः आम बजट के दिन भारी गिरावट का सामना करने वाले घरेलू शेयर बाजारों ने सोमवार को जोरदार वापसी की। तेल एवं गैस, बैंक और वाहन कंपनियों के शेयरों में खरीदारी आने से बीएसई सेंसेक्स 943 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी में 263 अंक की तेजी दर्ज की गई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 943.52 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,666.46 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,009.31 अंक चढ़कर 81,732.25 अंक के उच्चस्तर तक पहुंच गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 262.95 अंक यानी 1.06 प्रतिशत बढ़कर 25,088.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 282.65 अंक चढ़कर 25,108.10 अंक तक पहुंच गया था।

विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में तेज गिरावट से घरेलू शेयर बाजारों को राहत मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 4.88 प्रतिशत टूटकर 65.94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से पावर ग्रिड में 7.61 प्रतिशत और अदाणी पोर्ट्स में 4.76 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

इनके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो), आईसीआईसीआई बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट भी प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ एक्सिस बैंक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, ट्रेंट और टाइटन के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए।

इससे पहले, केंद्रीय बजट 2026-27 के दिन प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) में बढ़ोतरी के प्रस्ताव से शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आई थी। रविवार को बजट पेश होने के दिन आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 1,546.84 अंक यानी 1.88 प्रतिशत टूटकर 80,722.94 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 495.20 अंक यानी 1.96 प्रतिशत गिरकर 24,825.45 अंक पर रहा था।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी पांच प्रतिशत से अधिक टूट गया जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को नुकसान में बंद हुए थे।

बजट के दिन की भारी गिरावट से उबरा शेयर बाजार
गावस्कार-भज्जी चाहते हैं पाकिस्तान पर करे कार्रवाई ICC

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in