भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का शेयर बाजार ने मनाया जश्न

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने की घोषणा से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को जबर्दस्त उछाल दर्ज हुआ।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का शेयर बाजार ने मनाया जश्न
Published on

मुंबईः भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने की घोषणा से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को जबर्दस्त उछाल दर्ज हुआ। मानक सूचकांक सेंसेक्स 2,073 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी ने 639 अंक की छलांग लगाई।

व्यापार समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए गए 25 प्रतिशत जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हो गया है। इसके अलावा रूसी तेल खरीद जारी रखने पर अमेरिका ने 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी लगाया था।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स कारोबारी सत्र की शुरुआत के बाद 4,205.27 अंक यानी 5.14 प्रतिशत उछलकर 85,871.73 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में मुनाफावसूली होने से यह 2,072.67 अंक यानी 2.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,739.13 अंक पर बंद हुआ।

एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 639.15 अंक यानी 2.55 प्रतिशत चढ़कर 25,727.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,252.80 अंक यानी 4.99 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,341.20 अंक तक पहुंच गया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार रात को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद कहा था कि भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया जाएगा। हालांकि, अभी समझौते का विवरण सामने नहीं आया है।

सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स में सर्वाधिक 9.12 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी प्रमुख लाभ में रहीं। हालांकि, तेजी के इस दौर में टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

व्यापार समझौते की खबर से वस्त्र, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, समुद्री खाद्य निर्यात और विशेष उपयोग वाले रसायन क्षेत्रों से जुड़े शेयरों में तेज उछाल देखा गया। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और रुपये में मजबूती से विदेशी संस्थागत निवेश (एफआईआई) के प्रवाह की उम्मीद बढ़ी है। अमेरिकी शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने से उभरते बाजारों में भारत की प्रतिस्पर्धी स्थिति मजबूत हुई है और निर्यातोन्मुख क्षेत्रों के लिए परिदृश्य बेहतर हुआ है।’’

बीएसई पर सूचीबद्ध 3,304 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 981 शेयरों में गिरावट रही और 137 अन्य अपरिवर्तित रहे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत गिरकर 65.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

सोमवार को सेंसेक्स 943.52 अंक चढ़कर 81,666.46 अंक और निफ्टी 262.95 अंक की बढ़त के साथ 25,088.40 अंक पर रहा था।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का शेयर बाजार ने मनाया जश्न
सामने आया कारण, क्यों नहीं है आठवें वेतन आयोग को लेकर बजट में कोई प्रावधान

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in