सौतेले पिता ने की युवक की कथित हत्या, गिरफ्तार

32 वर्षीय युवक पर पत्थर से जानलेवा हमला
सौतेले पिता ने की युवक की कथित हत्या, गिरफ्तार
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : ओग्राबराज थाना क्षेत्र के अंतर्गत नमूनाघर गांव में बुधवार दोपहर एक 32 वर्षीय युवक की उसके सौतेले पिता द्वारा कथित रूप से हत्या कर देने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों और प्राथमिकी की प्रति के अनुसार आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता राजा चंदर साई, जो होमगार्ड स्वयंसेवक एवं पीसीआर चालक हैं, ने बताया कि वे नमूनाघर के रांची बस्ती, वार्ड नंबर-1 में अपनी पत्नी, पुत्री, माता और भाई साई के साथ रहते हैं। उनका निवास आरोपित छोटे लाल टोप्पो (लगभग 54 वर्ष) के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में कहा कि 25 दिसंबर को लगभग 12:15 बजे, जब वे पीसीआर ड्यूटी (परम-4) के लिए तैयार हो रहे थे, तभी बस्ती से जोर-जोर से रोने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर उन्हें जानकारी मिली कि छोटे लाल टोप्पो ने अपने सौतेले बेटे दीप राज कुमार (32) पर पत्थर से हमला किया है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने दीप राज कुमार के सिर में गंभीर चोटें और अत्यधिक रक्तस्राव देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पीसीआर कंट्रोल रूम से संपर्क कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई।

बाद में दीप राज कुमार को शिव मंदिर के पास, घटना स्थल से लगभग पांच मीटर की दूरी पर औंधे मुंह अचेत अवस्था में पाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि घटना सौतेले पिता और बेटे के बीच हुए विवाद के बाद हुई, जिसमें आरोपित ने पत्थर और लकड़ी के टुकड़े से सिर पर कई बार जानलेवा हमला किया। बताया गया है कि आरोपित को बचपन से ही सौतेले बेटे के प्रति द्वेष था। बयान 25 दिसंबर को अपराह्न 3 बजे ग्राम पंचायत सदस्य वेंकटेश्वर प्रधान की उपस्थिति में दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in