

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ हिंसा या कारोबारियों से जबरन वसूली करने जैसी चीजों से दूर रहने को कहा। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। शहर के उत्तरी हिस्से में गणेश पूजा के उद्घाटन अवसर पर शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान पश्चिम बंगाल में गणेश पूजा पंडालों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘भगवान गणेश बंगाल में निवेश में बढ़ोतरी करने, श्रमिकों के पलायन को रोकने और बंगाल को अग्रणी राज्यों की कतार में शीर्ष स्थान तक पहुंचाने में मदद करें।’’ राज्यसभा सदस्य ने कहा कि राज्य में शांति कायम हो और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बने, जो तृणमूल कांग्रेस के शासन के दौरान नहीं था। भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं को हिंसा करने या कारोबारियों से वसूली में शामिल होने से दूर रहना चाहिए। भाजपा ऐसी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं करती।’’
शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि ‘‘हमें बंगाल की जनता से भारी जनादेश मिला है और हमें शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना चाहिए। तृणमूल के शासन के दौरान किए गए गलत कामों को हर कीमत पर दोहराने से बचना होगा।’’ भाजपा मई में पहली बार पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई और 2011 से राज्य में शासन कर रही तृणमूल कांग्रेस को करारी शिकस्त दी। भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य में लाखों सनातनी हिंदू शांतिपूर्ण तरीके से गणेश चतुर्थी का पर्व मना रहे हैं।’’